भदोही। कोहरे से निजात तो मिल चुकी है लेकिन वाराणसी-भदोही रेलखंड पर ट्रेनों की लेटलतीफी दूर होने का नाम नहीं ले रही है। गत कई दिनों से कई कई घंटे विलंब से चल रही डाउन पंजाब मेल को गुरूवार को निरस्त कर दिए जाने से रेलयात्रियों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। जबकि डाउन अर्चना एक्सप्रेस 7 घंटे विलंब से आने से परिचालन प्रभावित हुआ। रूट पर दूसरी कई गाड़ियां 2 से 3 घंटे तक देरी से चलीं।
तीन माह पूर्व ठंड की शुरूआत से ही रेल परिचालन अस्तव्यस्त चल रहा है। लंबी दूरी की ट्रेनें सबसे अधिक प्रभावित हैं। लेटलतीफ चलने के अलावा इन ट्रेनों को बीच बीच मे ई बार निरस्त भी करना पड़ा। भदोही स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार गुरूवार को हावड़ा की ओर जाने वाली पंजाब मेल निरस्त रही जबकि जम्मूतवी से राजेंद्र नगर जाने वाली अर्चना एक्सप्रेस आज 7 घंटे देरी से आई। यह ट्रेन एक सप्ताह से विलंब से चल रही है।
ट्रेनों के लेट चलने का खामियाजा आम यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों ने आवश्यक कदम भी उठाए लेकिन स्थिति में विशेष सुधार नहीं हो सका है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस, सारनाथ एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस भी गुरूवार को 2 से 3 घंटे विलंब से चलीं।