ज्ञानपुर। भारत-पाक सीमा पर तनाव बढ़ने के बाद जिले में भी हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पुलिस ने सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बुधवार को चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस और प्रशासन सुरक्षा को लेकर कोई ढील नहीं देना चाहता, जिससे सभी क्षेत्राधिकारियों और थानाध्यक्षों के अलावा खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट किया गया है।
पाकिस्तान के आतंकी कैंपों पर मंगलवार को भोर में एयरफोर्स की कार्रवाई के बाद से ही भारत-पाक सीमा पर तनाव बढ़ गया है। बुधवार को सुबह से भारत और पाकिस्तान की ओर से कई गतिविधियां की गईं। सीमा पर तनाव के साथ देश के विभिन्न हिस्सों में आतंकी हमले का अलर्ट होने के बाद शासन से लेकर प्रशासन तक सतर्क हो चुका है। सुरक्षा के मद्देनजर सार्वजनिक स्थल, भीड़भाड़ वाले स्थान, रेलवे स्टेशन, बड़े होटलों की जांच-पड़ताल की गई। ज्ञानपुर, गोपीगंज, भदोही, औराई और सुरियावां क्षेत्रों में पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। इससे गहमागहमी का माहौल रहा। पुलिस अधीक्षक राजेश एस ने कहा कि सभी क्षेत्राधिकारियों और थानाध्यक्षों को निर्देश दिया जा चुका है कि सुरक्षा के मद्देनजर कड़ी निगरानी रखी जाए। बाहर से आने वाले वाहनों और लोगों पर खास निगहबानी करने की हिदायत दी गई है। किसी भी स्तर पर कोई ढील न हो अन्यथा कार्रवाई होगी।
मोबाइल और टीवी से चिपके रहे लोग
ज्ञानपुर। भारत-पाक सीमा पर तनाव को लेकर बुधवार को हर कोई टीवी और इंटरनेट से चिपका दिखा। लोग भारत-पाक तनाव की चैनलों पर लाइव अपडेट देखते रहे। चाय-पान की दुकानों से लेकर चट्टी- चौराहों पर बस भारत-पाक के बीच की मौजूदा स्थितियों पर चर्चा होती रही। एक दिन पहले भारतीय एयरफोर्स की कार्रवाई के बाद बुधवार को पाकिस्तानी लड़ाकू विमान भारतीय सीमा में आए। उसके बाद तनाव बढ़ने से देश में कई गतिविधियां हुईं। इसको लेकर हर कोई युद्ध की आहट को लेकर सतर्क दिखा और मिनट टू मिनट का अपडेट लेता रहा।