ज्ञानपुर। प्राथमिक विद्यालय मिल्की में मंगलवार को ग्रामोदय से ग्राम स्वराज के तहत चौपाल आयोजित की गई। इसमें डीएम ने ग्रामीणों की समस्या सुनकर और उसके निस्तारण का आश्वासन दिया। डीघ सीडीपीओ के अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया। डीएम ने पैसा मिलने के बाद भी पीएम आवास योजना के तहत घर नहीं बनाने वाले लाभार्थियों पर मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश ग्राम पंचायत अधिकारियों को दिया।
डीएम राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। अधिकारी ईमानदारी से योजनाओं का क्रियान्वयन कराएं। डीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना में तीनों किस्त मिलने के बाद भी आवास पूर्ण नहीं कराने वाले लाभार्थियों पर मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। ग्राम पंचायत अधिकारी की ओर से बुकलेट में शौचालय की सही रिपोर्ट अंकन नहीं करने पर डीपीआरओ को निर्देश दिया कि वस्तुस्थिति से अवगत कराएं। इसके बाद डीएम ने लाभार्थीपरक योजनाओं की समीक्षा की। जिन विभागों की कार्यशैली ठीक नहीं मिली उन्हें चेतावनी दी कि कार्य में सुधार लाएं अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, एनआरएलएम, प्रधामंत्री आवास योजना (ग्रामीण), कुपोषण से बच्चों की मुक्ति, प्रधानमंत्री रोजगार योजना, 14 वॉ और राज्य वित आयोग, डिजिटल लेन-देन, आधार कार्ड, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, श्रम विभाग की योजनाओं की क्रमवार समीक्षा की। इसके पूर्व डीएम और सीडीओ ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर सीडीओ हरिशंकर सिंह, एसडीएम ज्ञानपुर अमृता सिंह, अजय कुमार सिंह, मीना श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।