ज्ञानपुुर। लगातार बढ़ रहे डीजल-पेट्रोल के दाम को लेकर व्यापारी सड़क पर उतर गए हैं। मंगलवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की जिला इकाई ने पेट्रोलियम मंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को दिया। साथ ही तत्काल मूल्य वृद्धि वापस लेने की मांग करते हुए बड़े पैमाने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
डीजल-पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पिछले दो महीने मेें करीब आठ रुपये प्रति लीटर की दर से डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़े हैं। इसके कारण मालभाड़े में भारी बढ़ोतरी हुई हैै। अन्य समान पर भी लोगों को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है। डीजल, पेट्रोल और घरेलू गैस में मूल्य वृद्धि के खिलाफ मंगलवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने जिला तहसील में पेट्रोलियम मंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को दिया। कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों में मूल्य वृद्धि से कारोबार पर बुरा असर पड़ रहा है। लगातार बढ़ रही मंहगाई से व्यापारी ही नहीं पूरे देश की जनता परेशान है। पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्य वृद्धि से दूसरे सामानों के दाम बढ़ रहे हैं। दो महीने में डीजल का दाम 67.44 से 74.50 रुपये हुआ, पेट्रोल 76.46 से 84 रुपये हुआ और घरेलू गैस सिलेंडर 649 से 890 रुपये में हो गया। जिलाध्यक्ष घनश्याम दास गुप्ता ने कहा कि अगर जल्द मूल्यवृद्धि वापस न ली गई तो व्यापारी आंदोलन करने को बाध्य होगा। इस मौके पर मुकेश स्वर्णकार, श्रीकांत जायसवाल, पवन कुमार श्रीवास्तव, आनंद सोनी, बनवारी लाल स्वर्णकार, रंजीत कुमार गुप्ता, मो. अबरार आदि मौजूद रहे।