ज्ञानपुर। गणतंत्र दिवस को लेकर जिले में तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। जहां एक ओर परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का रिहर्सल तेज हो गया है, वहीं गणतंत्र दिवस के सामान से बाजार भी सज गए हैं। तिरंगे और अन्य सामान की खरीदारी स्कूली बच्चे से लेकर युवा सभी करते दुकानों पर आसानी से देखे जा सकते हैं। गणतंत्र दिवस को लेकर पुलिस लाइन में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां तेज कर दी गईं हैं। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस व होमगार्ड के जवानों ने परेड, सलामी आदि का रिहर्सल किया। इस दौरान जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सलामी देने का भी अभ्यास किया। गणतंत्र दिवस पर पुलिस महकमे की ओर से पुलिस लाइन में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होना है। जिसको लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देने में पुलिस और होमगार्ड के जवान लगे रहे। इसी क्रम में बुधवार को जवानों ने जमकर अभ्यास किया। परेड के अभ्यास के तहत कदमताल करते दिखे तो तिरंगे को सलामी देने का भी अभ्यास किया। रिहर्सल में नवोदय विद्यालय के छात्रों ने भी प्रतिभाग किया। इस मौके पर पुलिस के बड़े अधिकारी भी उपस्थित रहे। दूसरी ओर बाजार में गणतंत्र दिवस के सामान खरीदने के लिए बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे दुकानों पर डटे रहे।