भदोही। धार्मिक स्थलों से होने वाले ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए बुधवार को कोतवाली में मस्जिदों और मंदिरों के संचालकों के साथ पुलिस प्रशासन के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में लोगों को निर्देश दिया गया कि अनुमति लेकर ही लाउडस्पीकर का प्रयोग करें। यदि किसी ने अब तक अनुमति के लिए आवेदन नहीं किया है तो वे आवेदन कर सकते हैं। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि शासन ध्वनि प्रदूषण को लेकर गंभीर है। बगैर अनुमति लाउड स्पीकर का इस्तेमाल करने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जो धार्मिक स्थल आवेदन कर चुके हैं, उन्हें शीघ्र ही नियम और शर्तों की प्रति के साथ अनुमति प्राप्त हो जाएगी। इस दौरान लोगों को चेताया कि अनुमति पत्र में जितने साउंड बाक्स और डेसिबल की अनुमति हो, उससे अधिक न बजाएं, अन्यथा कार्रवाई की जद में होंगे। कोतवाली प्रभारी ने कहा कि अभी भी बहुत से लोग हैं जिन्होंने अनुमति के लिए आवेदन नहीं किया है। ऐसे लोगों को सख्त हिदायत दी जाती है कि साउंड बाक्स का इस्तेमाल न करें। बैठक में कई लोगों ने इस नियम के बाबत प्रश्न पूछे और अपनी भ्रांतियां दूर की। बैठक में हाफिज तबरेज, हाफिज अशफाक, विनीत बरनवाल, हाजी अब्दुल हादी, जमील अंसारी, भरत जायसवाल, हाजी सुहैल, हाजी एजाज महमूद, ओम सिंह, नूरैन खां, दानिश सिद्दीकी, हाफिज आतिफ, हाजी फिरोज वजीरी, मो. अली सिद्दीकी, सुजीत यादव, खुर्शीद खां, अशोक पाल, सेराज खां, मैनुद्दीन हबीबी, अभिषेक यादव, रईस सिद्दीकी आदि उपस्थित रहे।