ज्ञानपुर (भदोही)। जिला पंचायत सभागार में शनिवार को नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य ललिता शुक्ला के शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इसके बाद आयोजित बैठक में जिला पंचायत के कई करों को बढ़ाने का प्रस्ताव पेश करने के साथ ही भदोही के विकास पर जोर दिया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष काजल यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन पर चर्चा की गई। मुख्य अतिथि भदोही विधायक रवींद्र नाथ त्रिपाठी ने कहा कि साफ-सफाई से बीमारी दूर रहेगी। हम सभी की जिम्मेदारी है कि स्वच्छता को आगे बढ़ाएं। ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने किसानों की असुविधा को ध्यान मे ंरखते हुए जिले को डार्कजोन से हटाने का प्रस्ताव रखा, जिस पर सभी जिला पंचायत सदस्यों ने सहमति दी। उन्होंने कहा कि आपसी एकता से ही जिले का समुचित विकास होगा। इस दौरान जिला पंचायत के क्षेत्र में निर्मित चिमनी ईंट भट्ठा एवं दूकान के लाइसेंस का कर बढ़ाने व्यावसायिक निर्माण के मानचित्र नियंत्रित करने के लिए उपविधि पर विचार किया गया। धार्मिक आयोजनों, मेलों एवं घाटों पर बैरिकेडिंग के कार्योत्तर अनुमोदन और पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई। इसके अलावां जिला पंचायत सदस्यों के क्षेत्र में बनने वाली सड़कों पर उनके नाम की पट्टिका लगाने, सभी जिला पंचायत सदस्यों को दो-दो हैंडपंप देने की घोषणा की गई। सीडीओ हरिशंकर सिंह ने विकास कार्यों में पूरा सहयोग का आश्वासन दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष के अभिभाषण के साथ बैठक संपन्न हुई। इस मौके पर विशेष अतिथि एमएलसी रामलली मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य दिवाकर शुक्ल, भूपेंद्र यादव, प्रमोद यादव, बालाजी, सुरेश मिश्र, सावित्री पाल, सचिन यादव, बनवारी लाल, दीपिका बिंद, राजेश सोनकर, कल्पनाथ, राजितराम यादव, कल्लू राम, शशिचंद्र मिश्र, मुन्ना पांडेय समेत कई लोग मौजूद रहे।
जिपं सदस्य को आवास के लिए पांच लाख
ज्ञानपुर। जिला पंचायत सभागार में शनिवार को बैठक के दौरान जिला पंचायत सदस्य परदेशी राम ने खुद और समाज की उपेक्षा का मुद्दा उठाया। परदेशी राम की बातों से भावुक होकर मिर्जापुर-सोनभद्र की एमएलसी रामलली मिश्र ने जिला पंचायत सदस्य को आवास बनाने के लिए पुनर्वास योजना के तहत अपनी निधि से पांच लाख रुपये और शारीरिक रूप से विकलांग परदेशी राम को एक तिपहिया बाइक देने की घोषणा की।