औराई। भारत विकास परिषद की महिला प्रकोष्ठ ने रविवार की रात घोसिया क्षेत्र में आयोजित शादी समारोह में कन्या को सोने की अंगूठी और 3100 रुपये नकद चढ़ाकर कन्यादान किया। समारोह में मौजूद रहे लोगों ने परिषद की इस पहल की सराहना की।
परिषद की महिला प्रकोष्ठ ने महिला विकास प्रकल्प के तहत गरीब परिवारों की कन्याओं की मदद करने का संकल्प लिया है। संगठन की संयोजक प्रतिमा बरनवाल ने बताया कि घोसिया निवासी राजेश प्रजापति की पुत्री सरिता और कौलापुर-गोपीगंज के सीताराम प्रजापति के पुत्र अजय कुमार की शादी का खर्च स्वयं वहन करने का बीड़ा उठाया। महिला सदस्यों और पदाधिकारियों ने शादी समारोह में पहुंचकर कन्यादान की रस्म अदा की। उन्होंने कहा कि गरीब कन्याओं की मदद करना परिषद का मुख्य लक्ष्य है। इस मौके पर अनिल बरनवाल, अन्निका, महेश कोठारी, चंदा कोठारी, गोपाल जी, राधा देवी, कुंदन जी, प्रभा देवी, मंजुला देवी समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।