ज्ञानपुर/औराई। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए तरस रही कालीननगरी को जल्द ही ट्रामा सेंटर में इलाज की सुविधा मिलेगी। 167 लाखु की लागत से सीएचसी औराई में बनाए जा रहे ट्रामा सेंटर को 15 मई तक हैंडओवर करन े की तैयारी है। ट्रामा सेंटर का संचालन शुरू होने पर सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले मरीजों का यहीं इलाज हो सकेगा।
जनपद सृजन के बाद से जिले में ज्ञानपुर के महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय, बलवंत सिंह चिकित्सालय समेत पांच सीएचसी और 16 पीएचसी संचालित हैं। सड़क दुर्घटनाओं में हड्डी और सर में गंभीर चोट लगने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी से सीएचसी औराई, गोपीगंज और जिला अस्पताल ज्ञानपुर में आने वाले मरीजों को वाराणसी अथवा प्रयागराज रेफर कर दिया जाता है। स्थिति यह हो जाती है कि कई बार गंभीर रूप से घायल मरीज रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं। इसको देखते हुए 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्रामा सेंटर की घोषणा की और दिसंबर 2016 में तत्कालीन विधायक मधुबाला पासी ने इसकी आधारशिला रखी थी।
167 लाख की लागत से बनने वाले ट्रामा सेंटर के लिए 85 लाख की पहली किस्त भी आ गई थी, हालांकि 2017 में सत्ता परिवर्तन के बाद करीब 10 महीने तक भवन निर्माण का काम राजनीतिक दांवपेच में रुक गया, जिससे 2018 में इसका निर्माण पूर्ण नहीं हो सका। सूबे में भाजपा की सरकार बनने के बाद दोबारा भूमिपूजन किया गया। कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम ने शुरुआती दिनों में कच्छप गति से काम किया, लेकिन 82 लाख की दूसरी किस्त मिलने के बाद काम में तेजी आई। राजकीय निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर विजय राम ने कहा कि ट्रामा सेंटर का 90 फीसदी काम पूर्ण हो चुका है। शेष कार्य को पूरा कर 15 मई तक भवन हैंडओवर कर दिया जाएगा।