भदोही। गत सप्ताह वाराणसी - भदोही रेलमार्ग से हटाकर वाया ज्ञानपुर रोड से चलाई जा रही दो ट्रेनों को पुन: भदोरी रूट से चलाने की मांग को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक जाहिद बेग के नेतृत्व में स्टेशन अधीक्षक से मुलाकात की। कहा कि जनभावना के अनुरूप दोनो ट्रेनों को फिर से भदोही रूट से चलाया जाए। पूर्व विधायक ने साफ किया कि ऐसा नहीं करने पर रेलवे प्रशासन के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
जानकारी हो कि वाराणसी-भदोही रूट की दो प्रमुख ट्रेनें कामायनी एक्सप्रेस व सारनाथ एक्सप्रेस को रेल प्रशासन ने अचानक ज्ञानपुर रोड रूट पर भेज दिया। इससे भदोही रूट से मुंबई और दुर्ग को जाने वाली दो ट्रेनें छिन जाने से रेल यात्रियों में प्रतिक्रिया को देखते हुए पूर्व विधायक जाहिद बेग ने स्टेशन अधीक्षक कोमल सिंह से मुलाकात कर नागरिकों की चिंता से अवगत कराया। सौंपे गए पत्रक में ट्रेनों का संचालन पून: भदोही रूट से कराने की मांग की गई। कहा कि एक तो मुंबई के लिए पहले से ट्रेनों की कमी थी। ऊपर से एक ट्रेन छीनने की साजिश रची जा रही है। दुर्ग के लिए तो दूसरी ट्रेन भी नहीं हैं।
इस दौरान भाजपा सरकार में बैठे जनप्रतिनिधियों को आंड़े हांथों लिया गया। पत्रक में कई ट्रेनों के ठहराव की मांग भी गई। पत्रक देने में पूर्व विधायक मधुबाला पासी, प्रदीप यादव, शोभनाथ यादव, हसनैन अंसारी, पन्नालाल यादव, अलीशेर खां, संतोष यादव, राजकुमार यादव, मनोज यादव, मिंटू बेग, टोनी मंसूरी, अय्यूब बाबू, नजरुद्दीन आदि रहे।