ज्ञानपुर। इंतजार की घड़ियां खत्म हुईं। संस्कृति और कला के मंच पर भदोही जिले को पहचान देने की शृंखला की मजबूत कड़ी भदोही महोत्सव का आगाज शुक्रवार को होगा। अभयनपुर मैदान पर तीन दिनों तक कला और संस्कृति के इंद्रधनुषी रंग बिखरेंगे। सुबह छह बजे योग से महोत्सव का शुभारंभ होगा।
सात बजे हॉफ मैराथन शुरू होगी। शाम को कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया है, जिसमें प्रख्यात कवि राहत इंदौरी, कविता तिवारी, महेश दुबे, अब्दुल गफ्फार, डॉ. निधि और कॉमेडी सर्कश के गौरव शर्मा अपनी शब्द रचनाओं और कला का प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान पूरे दिन खेलकूद की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 16 को कव्वाली और किड्स स्टार नाइट का आयोजन होगा। इसमें बादशाह कादरी, रिया ठाकुर, अनुराग वर्मा, अनुषा जोशी, अक्षरा वर्मा, क्रिश आदि जलवा बिखेरेंगे। 17 को बॉलीवुड स्टार नाइट में पूर्णिमा, अरुण बख्शी, जूनियर महमूद, सवाब शाबरी, अशोक मिश्रा, अनन्या, रमन, पूजा, जितेंद्र नरुका, महेश भानुशाली आदि आएंगे। 17 को ही कथक नृत्य में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज करवा चुकीं बनारस की सोनी चौरसिया भी अपनी कला का जादू बिखरेंगी। भदोही महोत्सव सोसाइटी के अध्यक्ष फिल्म निर्माता निर्देशक कृष्णा मिश्रा ने कहा कि योग और मैराथन में कोई भी प्रतिभाग कर सकता है। इसके लिए कोई शुल्क नहीं है। खेलकूद के आयोजन पूरे दिन स्टेडियम में चलते रहेंगे।