भदोही। जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली दूर करने के लिए शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ता महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय के सीएमएस से मिले। उन्होंने सीएमएस से स्वास्थ्य योजनाओं का गंभीरता से पालन करने, जेनरिक दवाएं लिखने के साथ ही अस्पताल में मशीनों को दुरुस्त कर गरीबों तक उनका लाभ पहुचाने की मांग की। सीएमएस की अनुपस्थिति में डा.संजय सिंह को सात सूत्री ज्ञापन सौंपा कर व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
पत्रक देने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे मुशीर इकबाल ने कहा कि सरकार गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने का दम भरती है, लेकिन यहां अस्पताल का ढांचा ही है। मशीनें होकर भी संचालित नहीं होती। मरीजों के भर्ती होते ही उन्हें रेफर कर दिया जाता है। आम तौर पर अस्पताल में दवाएं नहीं होती हैं। अक्सर दवाएं होने के बाद भी चिकित्सक दवाएं बाहर से लिखते हैं जिससे गरीब, बुनकर, मजदूर दवा नहीं खरीद पाते। अल्ट्रासाउंड मशीन तो है, लेकिन रेडियोलाजिस्ट नहीं होने से मरीजों को निजी अल्ट्रासाउंड लैब में जाना पड़ता है।
लोगों ने स्वास्थ्य सुविधाएं बहाली की मांग करते हुए तत्काल सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने संबंधी ज्ञापन दिया। पत्रक सौंपने वालों में पीसीसी मसूद आलम, कमर मलिक, मनोज गौतम, स्वालेह अंसारी, निजामुद्दीन मंसूरी, नूरआलम, अरशद मलिक, मो.ताहिर, अब्दुल रब, शफीक अहमद, मो.शाहआलम, साजिद अंसारी, तनवीर अहमद, इरफान खां, धर्मेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।