वहिदानगर। स्थानीय तिराहे पर रविवार को हुई व्यापारियों की बैठक में सिटी बस चलाने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि बस न चलने से आए दिन दैनिक यात्रियों को परेशान होना पड़ता है। मार्ग के किनारे ब्लॉक, थाना, दुग्ध केंद्र समेत कई सरकारी कार्यालय हैं लेकिन बस नहीं चल रही है।
व्यापारी चंद्रशेखर मौर्य ने कहा कि यह तिराहा राजमार्ग से जुड़ा होने से गैर जनपदों को जोड़ने के साथ-साथ इलाहाबाद, वाराणसी, हंडिया, झूंसी, गोपीगंज, माधोसिंह, घोसिया, औराई, कछवां, बाबूसराय, महाराजगंज, राजातालाब आदि स्थानों की यात्रा करते हैं। जिन पर व्यापारियों, सरकारी, गैर सरकारी कर्मचारियों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं का आना-जाना होता है। सिटी बस न चलने से उन्हें डग्गामार वाहनों से जाना पड़ता है। इससे उनका समय नष्ट होने के साथ ही आर्थिक दोहन का शिकार होना पड़ता है। सरकार की ओर से प्रयागराज में चल रहे कुंभ को देखते हुए हंडिया वाया गोपीगंज के लिए सिटी बसों का संचालन करा दिया गया होता तो राह आसान हो जाती। सिटी बस न चलने से प्राइवेट बस, आटो चालक मनमाना किराया वसूलते हैं। व्यापारियों ने क्षेत्रीय परिवहन प्रबंधक वाराणसी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए सिटी बसों का संचालन कराने की मांग की। बैठक में रमेश बिंद, पवन कुमार, नीरज सिंह, रुपेश कुमार, संजीव कन्नौजिया, श्यामलाल, सेवालाल आदि उपस्थित रहे।