भदोही। वसंत पंचमी पर रविवार को जगह- जगह पूजन और महायज्ञ के आयोजन हुए। मुख्य कार्यक्रम ज्ञानपुर रोड स्थित एक व्यवसायिक प्रतिष्ठान में गायत्री परिवार के संयोजन में हुआ जहां पंचकुंडीय महायज्ञ में सैकड़ों श्रद्धालुओं हिस्सा लिया। इस दौरान हवन पूजन व विशेष प्रार्थना में राष्ट्र की खुशहाली व सुख समृद्धि की कामना की गई। महायज्ञ के बाद अन्नप्राशन व विद्यारंभ संस्कार भी आयोजित हुए।
गायत्री परिवार के सदस्यों ने विधि- विधान से पंचकुंडीय महायज्ञ, गुरु पूजा तथा सरस्वती पूजन किया। जिला संयोजक राजेंद्र प्रसाद यादव ने गुरु की महिमा बताई और मां सरस्वती की पूजा की। उन्होंने कहा आज गायत्री परिवार के संस्थापक श्रीराम शर्मा का आध्यात्मिक जन्मदिन भी है। आज के दिन ही गुरु श्री सर्वेश्वरानंद जी ने दीपक की लौ में दर्शन दिए और गायत्री परिवार की स्थापना हुई।
उन्होंने कहा कि गुरु ही शिक्षा रूपी प्रकाश से जीवन को प्रकाशमान करता है। मां वीणावादिनी की महिमा का बखान करते हुए कहा कि मां सरस्वती को मानने वाले मधुभाषी, सज्जनता, विनीत, शिष्टता की मूर्ति होते हैं। कहा से नए ऋतु का प्रारंभ होता है। आज के दिन विनम्रता, प्रेम, भाइचारे का परिचय देना चाहिए। इस मौके पर राजनारायण मौर्य, दीपचंद्र मौर्य, फूलचंद्र मौर्य, सुभाष मौर्य आदि मौजूद रहे।
उधर दरोपुर स्थित राधा कृष्ण मंदिर में रविवार को हिंदू भगवा वाहिनी द्वारा सरस्वती पूजन किया गया। बैठक में महाशिवरात्र पर शिवयात्रा निकाले जाने पर चर्चा की गई। अध्यक्षता राहुल पांडेय ने की। इस अवसर पर दिनेश तिवारी, शिखर श्रीवास्तव, बृजेश तिवारी, अजय मिश्र, दीपक पांडेय, अनूप यादव, आशुतोष दूबे मौजूद रहे।
वेलेंटाइंस डे थोपने वालों से सख्ती से निपटेेंगे
भदोही । काफिर सेना पदाधिकारियों की रविवार को औरोई रोड स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में हुई बैठक में कुछ लोगों की ओर से भारतीय समाज पर पश्चिमी सभ्यता थोपे जाने की आलोचना की गई। प्रधान सेनापति सुनील कुमार ने कहा कि कुछ लोग आज भी वेलेंटाइन को अपना सब कुछ मानते हैं और युवाओं को गुमराह तक भारतीय समाज पर कालिख पोतना चाहते हैं। बैठक में कहा गया कि 14 फरवरी को यदि लोगों ने वेलेंटाइंस डे थोपा तो उनसे सख्ती से निपटा जाएगा। बैठक में राजेश सोनी, अनिल मौर्य, संतोष सिंह, अरुण कुमार गुप्ता, अजीत बरनवाल, दशरथ गौतम, नंदलाल सरोज, शभम जायसवाल ने विचार व्यक्त किए।