घोसिया। राजकीय पालीटेक्निक कॉलेज औराई से अक्सर गायब रहने वाले छात्र-छात्राओं की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। परीक्षा से पहले 75 फीसदी से कम उपस्थित रहने वाले 80 छात्र-छात्राओं के नाम काटने की संस्तुति की गई है। अचानक हुए निर्णय से छात्र-छात्राओं में खलबली मच गई है।
बृहस्पतिवार को प्रधानाचार्य मुकेश चंद आनंद की अध्यक्षता में कॉलेज की प्रशासनिक टीम की बैठक हुई। इसमें प्रधानाचार्य ने पठन-पाठन की समीक्षा और शैक्षिक कैलेंडर पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि कॉलेज में 75 फीसदी से कम उपस्थित रहने वाले छात्र-छात्राओं का नाम काटा जाए। उन्हें नोटिस भेजकर सूचित कर दिया जाए। प्रधानाचार्य मुकेश आनंद ने बताया कि जिन छात्रों की उपस्थिति 75 फीसदी से कम है उनकी परीक्षा प्रभावित होगी। इससे 80 छात्र-छात्राएं प्रभावित होंगे। छात्रों के नाम की सूची विभाग वार एवं शाखावार शुक्रवार को जारी कर चस्पा की जाएगी।