ज्ञानपुर। जय बजरंग क्रिकेट क्लब दशवतपुर (संजय नगर) में आयोजित अंतरजनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को कछवां और सुरियावां के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। कछवां की टीम ने सुरियावां को आठ विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सुरियावां की टीम ने 20 ओवर में 180 रन पर सिमट गई। इसमें तेजस्वी जायसवाल ने 32 गेंदों में 68 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी संदीप सिंह एकेडमी कछवां की टीम ने 18 ओवर में दो विकेट खो कर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस दौरान प्रिंस पाल ने 39 गेंदों पर 56 रन बनाए। स्टेडियम दर्शकों से भरा रहा। दर्शक चौके और छक्कों पर तालियों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते रहे। इस दौरान तेजस्वी जायसवाल को मैन ऑफ द टूर्नामेंट और प्रिंस पाल को मैन ऑफ द मैच दिया गया। विजेता टी म को पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुनीता यादव ने पुरस्कृत किया। कहा कि खेल से व्यक्तित्व और बुद्धि का विकास होता है। इस दौरान प्रवक्ता अशोक कुमार बिंद, राजेश यादव, मंगलम यादव, अशोक कुमार यादव, अच्छेलाल बिंद, कमला यादव, जयप्रकाश बिंद, मैच की कमेंट्री संतलाल यादव और नीलेश चौरसिया ने की और स्कोरिंग राहुल यादव और मुकेश भारतीय ने की।