ज्ञानपुर। विभूति नारायण राजकीय इंटर कालेज के मैदान में शनिवार को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरण का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र और छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र दिया गया। सांसद वीरेंद्र सिंह, जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद और सीडीओ हरिशंकर ने दीप प्रज्जवलित कर समारोह का शुभारंभ किया। सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि छात्रवृत्ति आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को आगे बढ़ने का एक साधन है, साध्य नही। इस छात्रवृत्ति का प्रयोग अपनी शिक्षा को पूरी करके स्वयं एक सफल व्यक्ति के रूप में स्थापित करना है। आज की युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने में आर्थिक कारक बाधा न बने,इसलिए सरकार आर्थिक रूप से कमजोर छात्र और छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान करती है। जिला समाज कल्याण अधिकारी मीना श्रीवास्तव और जिला पिछड़ा कल्याण अधिकारी अजय कुुुमार सिंह ने योजना पर प्रकाश डाला। इस दौरान नौवीं से स्नातक तक के एक हजार छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र दिया गया। मौके पर भदोही विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी आदि रहे।