भदोही। एक ओर जहां मुसलमान 21 नवंबर को नबी के यौमे पैदाइश मनाने की तैयारियों में जुटे हैं तो दूसरी ओर नगर के उलमा और मौलाना पर्व पर डीजे के इस्तेमाल से बचने के लिए लोगों को जागरूक करने में लगे हैं।
मौलानाओं का कहना है कि नबी की यौमे पैदाइश का जश्न मनाने के लिए घरों पर इस्लामी परचम फहराएं, इबादत करें, गरीबों यतीमों के लिए कुछ बेहतर कर सकें तो करें। लेकिन डीजे के इस्तेमाल से बचें। इस बाबत नगर के मौ.फैसल हुसैन अशरफी ने कहा कि सुन्नियों के मरकज दरगाह आला हजरत बरेली शरीफ से डीजे के खिलाफ फतवा जारी हुआ है कि डीजे बजाना गलत है। इससे मुसलमान बचें। कहा कि 21 नवंबर को रहमतुल्लिल आलमीन प्यारे नबी की यौमे पैदाइश जिसके सदके में अल्लाह ने कायनात बनाई।तमाम नेअमतों से इंसानियत को नवाजा। ऐसे में इस मुबारक माह में कसरत से दुरुदो सलाम पढ़ना चाहिए। जुलूसे मिलाद निकालें, नमाज पढ़ें। गरीबों, दुखियों, मजलूमों की मदद करें। लेकिन डीजे तौबा करें।
बाजार सरदार खां मोहल्ले के मस्जिद के पेश इमान हाफिज तबरेज ने कहा कि लोगों को इस बारे में जागरूक किया जा रहा है। लोगों को बरेली शरीफ से आए फतवे से अवगत कराया जा रहा है। इसलिए अकीदत और एहतेराम से त्योहार मनाना ज्यादा जरूरी है।
12 रबीउल अव्वल को पालिका कराएगी प्रकाश व्यवस्था
भदोही। नगर पालिकाध्यक्ष अशोक कुमार जायसवाल ने कहा है कि इस्लाम के आखिरी पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्ल. की यौमे पैदाइश पर नगर पालिका साफ सफाई के साथ साथ परंपरागत रूप से निर्धारित स्थानों पर प्रकाश की व्यवस्था कराएगी। सोमवार को उन्होंने बताया कि 12 रबीउल अव्वल के दिन लिप्पन तिराहे से अजीमुल्लाह चौराहे तक पालिका जेनरेटर से प्रकाश व्यवस्था के साथ साथ चौराहे पर पेयजल टैंकर व सफाई व्यवस्था कराएगी। इसके अलावा जगह जगह चूने का छिड़काव भी कराया जाएगा। अध्यक्ष ने पालिका के सफाई निरीक्षक, प्रकाश निरीक्षक, जलकल अभियंता को इस भबारे में दिशा निर्देश देते हुए जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देशित किया।