भदोही। ज्ञानपुर में सोमवार को होने वाले सपा के अति पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं का जमघट होने जा रहा है। इसमे पूर्व विधायक, पूर्व विधान परिषद सदस्यों के अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। जिलाध्यक्ष मो. आरिफ सिद्दीकी ने बुधवार को अपने आवास पर प्रेस वार्ता में कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग इस बार के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का काम करेगा। जिलाध्यक्ष ने बताया कि इस तरह का सम्मेलन जनपद के इतिहास में पहली बार हो रहा है। पूर्वांचल के जनपदों से कार्यकर्ताओं के साथ साथ कई वरिष्ठ नेताओं की भागीदारी होगी। बताया कि सम्मेलन के मुख्य अतिथि पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व एमएलसी दयाराम प्रजापति होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में स्व.सांसद फूलन देवी के मौसा राम सुंदर दास निषाद होंगे। इसके अलावा पूर्व एमएलसी रामजतन राजभर, पूर्व अध्यक्ष राज्य पिछडा वर्ग आयोग, पूर्व विधायक राम आसरे विश्वकर्मा, पूर्व विधायक जवाहरलाल मौर्य, अवध नरायण, पूर्व अध्यक्ष राज्य अनुसूचित जाति जनजाति आयोग रामदुलार राजभर, राज नारायण बिंद आदि भी सम्मेलन में भाग लेंगे। पार्टी के दर्जनों वरिष्ठ पदाधिकारी भी भाग लेंगे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सम्मेलन में कार्यकर्ताओ की सुविधा के लिए वाहनों की व्यवस्था कराई जा रही है। इसके अलावा पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों को सम्मेलन की सफलता के लिए लगा दिया गया है। वार्ता में डा.आरके पटेल, मुख्तार हाशमी, रामयज्ञ पाल, हृदय नारायण प्रजापति, रामकिशोर बिंद, लालचंद पाल, मंजलाल विश्वकर्मा, कमलाशंकर महतो, गुलाब पाल, बाबूलाल पाल भी मौजूद रहे।