सीतामढ़ी। शिवकरन मिश्र इंटर कॉलेज इटहरा में आयोजित तीन दिवसीय जनपद स्तरीय खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया। डीघ जोन प्रथम, भदोही द्वितीय और ज्ञानपुर जोन तृतीय स्थान पर रहे। इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने सतरंगी छटा बिखेर कर लोगों को रोमांचित कर दिया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष काजल यादव और जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार चौरसिया ने विजेताओं को ट्रॉफी और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि खेलकूद से जीवन स्वस्थ रहता है और खिलाड़ियों का सर्वांगीण विकास होता है। प्रतियोगिता में डीघ जोन 287 अंकों के साथ प्रथम स्थान पर रहा। 226 अंक प्राप्त कर भदोही जोन दूसरे स्थान पर रहा। जबकि ज्ञानपुर जोन 44 अंक प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहा। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में शिवकरन मिश्रा इंटर कालेज की छात्राओ ने अपने मनमोहक प्रस्तुति से कार्यक्रम में समा बांध दिया। चैंपियनशिप में सीनियर वर्ग बालक में देवेश कुमार मिश्रा, जूनियर वर्ग बालक में संजय यादव, विराट यादव, सब जूनियर मिनी वर्ग बालक में रवि यादव और सीनियर वर्ग बालिका में गुड़िया पाल, शीतल बिंद, मनीषा यादव, जूनियर वर्ग बालिका में ऐश्वर्या उपाध्याय, अर्चना यादव एवं सब जूनियर में काजल यादव आदि खिलाड़ी पुरस्कृत किए गए। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यालय के शिक्षकों को भी विद्यालय की ओर से सम्मानित किया गया। इस मौके पर सचिव शंभू नाथ पांडेय, कमला शंकर मिश्र, मेवालाल मिश्र, रामधर पांडेय, आदित्य नारायण सिंह, श्रीकांत शुक्ल, विंध्यवासिनी मिश्रा, सत्यनारायण मिश्र, श्याम किशोर मिश्रा, विनोद शुक्ल, चंद्र कान्त शुक्ल, कुंज बिहारी मिश्रा, सरकार शुक्ला आदि मौजूद रहे।