भदोही। अखिल भारतीय किसान महासभा के आह्वान पर संगठन के लोगों ने सोमवार को उप जिलाधिकारी यमुनाधर चौहान से मिल कर अपनी समस्याएं बताईं। पांच सूत्री ज्ञापन देकर उन्होंने किसानों के बिजली बिल भुगतान के नाम पर लूट पर रोक लगाने और 10 हजार तक के बकाएदार किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की। ज्ञापन सौंपकर किसानों ने कहा कि किसानों का घरेलू कनेक्शन 100 रुपये प्रति कनेक्शन और ट्यूबवेल कनेक्शन 30 रुपये प्रति हार्स पॉवर किया जाए। कहा कि ऐसा हरियाणा में लागू है। कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मेदी ने कहा था कि 14 दिन में किसानों का गन्ना भुगतान किया जाएगा। इस पर तत्काल अमल की बात कही गई। राज्य सरकार से बाजरा खरीद की समुचित व्यवस्था कराने की मांग किसानों ने की। इसके अलावा प्रदेश भर में आवारा पशुओं, जंगली सूअरों, बंदरों, नीलगायों से किसानों की फसल बचाने के कारगर उपाय करने की मांग की गई। बताया कि किसान संगठनों को मिलाकर किसान अधिकार समन्वय मंच का गठन किया गया है। आगे से किसान इसी मंच के माध्यम से संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में विनोद उपाध्याय, रामजीत यादव, उमाशंकर यादव, बनारसी सोनकर, राजनाथ गौतम, राजेश गौतम, कबूतरा देवी आदि थे।