भदोही। नगर के चौरी रोड स्थित एक निजी अस्पताल पर लगे लापरवाही की शिकायत पर बुधवार को डा.जेपी सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शिकायत कर्ता इबरार अहमद का बयान दर्ज किया। जानकारी हो कि कि नगर के मोहल्ला काजीपुर निवासी इबरार अहमद ने आरोप लगाया था कि प्रसव पीड़ा के बाद उन्होंने अपनी पत्नी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया था जहां से लापरवाही में मरीज की हालत खराब हो जाने के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया था। जहां उपचार के दौरान प्रसूता की मौत हो गई थी। पति ने बताया कि 15 जनवरी को उन्होंने पत्नी को यहां भर्ती कराया था। अगले दिन हालत खराब हो जाने के बाद वाराणसी ले जाने को कह दिया गया। वे लेकर गए भी लेकिन एक सप्ताह तक जीवन और मौत से संघर्ष करते पत्नी की 23 जनवरी को मौत हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद पति ने डीएम समेत उच्चाधिकारियों को शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। बयान दर्ज करने वाले चिकित्सकों ने बयान के बारे में खुलासा नहीं किया।