बाबूसराय। उत्तर प्रदेश वित्त विहीन माध्यमिक शिक्षक संघ ने फैसला किया है कि वह बोर्ड परीक्षाओं का बहिष्कार नहीं करेगा। अपनी मांगों के पक्ष में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का बहिष्कार कर आंदोलन को धार देगा। आद्याप्रसाद शुक्ल बालिका इंटर कालेज बनवारीपुर में वित्त विहीन माध्यमिक शिक्षक संघ लालबिहारी यादव गुट की बुधवार को बैठक हुई। जिलाध्यक्ष हंसराज तिवारी ने कहा कि संघ के प्रदेश अध्यक्ष लालबिहारी यादव का इस संबंध में स्पष्ट निर्देश है कि संघ की ओर से बोर्ड परीक्षाओं का बहिष्कार नहीं किया जाएगा। कहा कि जो संगठन बहिष्कार का रुख अपनाते हैं, वह वित्त विहीन शिक्षकों के हितैषी नहीं हो सकते। उनका कहना है कि बहिष्कार का फैसला सिर्फ राजनैतिक स्वार्थ से प्रेरित है। कहा कि शिक्षकों कि मांग सरकार से है, न कि छात्रों से। इसलिए पूरा सहयोग कर छात्रों के भविष्य से कोई खिलवाड़ नहीं किया जाएगा। हालांकि उन्होंने मूल्याकंन का बहिष्कार कर मांगों के पक्ष में सरकार पर दबाव बनाने की बात कही। बैठक में संघ के जिलाउपाध्यक्ष बसंतलाल, बालेश्वर, धनंजय मिश्र, सभाजीत तिवारी, संतोष शुक्ल, सत्यप्रकाश तिवारी, आर्या उपाध्याय, प्रियंका चौबे, कंचन देवी, पूनम देवी, लल्लन पांडेय आदि शिक्षक मौजूद रहे।