ज्ञानपुर। शीतलहरी और कोहरे के मद्देनजर आठवीं तक के स्कूलों को दो दिन के लिए बंद रखने के जिलाधिकारी के आदेश तमाम स्कूलों के लिए बेअसर साबित हुआ। छुट्टी के आदेश के बावजूद कई विद्यालय खुले और उनमें कक्षाएं चलीं। छोटे-छोटे बच्चों को ठंड में ठिठुरते हुए स्कूल जाना पड़ा। इस पर जिलाधिकारी ने ऐसे विद्यालयों को चेतावनी जारी की। कहा कि अगर दोबारा छुट्टी के आदेश का अनुपालन नहीं हुआ तो ऐसे विद्यालय संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। जिले में दो दिन से कहर बरपा रही शीतलहरी और कोहरे से मासूमों को बचाने के लिए जिलाधिकारी विशाख जी ने बुधवार को एलकेजी से लेकर आठवीं तक के स्कूलों को दो दिन के लिए बंद रखने का निर्देश जारी किया था। लेकिन, इसके बाद भी तमाम विद्यालय खुले रहे। ज्ञानपुर नगर स्थित दो विद्यालयों में पढ़ाई हुई। इसी तरह अन्य नगरों और ग्रामीण इलाकों में भी विद्यालय संचालित हुए। ऐसे विद्यालयों के संचालकों का तर्क था कि उन्हें अवकाश की समुचित सूचना नहीं मिल सकी। दूसरी ओर कुछ विद्यालयों ने सुबह स्कूल बंद करने की घोषणा की। ऐसे में बड़ी संख्या में बच्चे ठंड में ठिठुरते हुए स्कूल गए और वहां पहुंचने पर पता चला कि छुट्टी हो गई है तो उन्हें लौटना पड़ा। अवकाश के बावजूद स्कूल खुलने की सूचना जिलाधिकारी को मिली तो उन्होंने नाराजगी जाहिर की। जिलाधिकारी ने कड़े रुख में कान्वेंट स्कूलों के संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति हुई तो स्कूल संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।