ज्ञानपुर/भदोही। आम जनता को त्वरित न्याय के लिए तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। लोगों को सिर्फ से तारीख मिल रही है। बार-बार तहसील पर आने के बाद भी उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है। मंगलवार को जिले के तीनों तहसीलों में आए 305 प्रार्थना पत्रों में मात्र 13 का ही निस्तारण हो सका। इस दौरान कमिश्नर मुरली मनोहर लाल ने भी निरीक्षण कर जायजा लिया। भदोही तहसील में जिलाधिकारी विशाख जी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण तहसील समाधान दिवस में 104 प्रार्थना पत्र आए जिसमें मात्र पांच का ही निस्तारण हो सका। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रार्थना पत्रों का निस्तारण प्राथमिकता से करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबित शिकायतों का डीएम ने एक सप्ताह में निस्तारण करने का निर्देश दिया। राजस्व विभाग से जुड़े मामलों का निस्तारण पुलिस और राजस्व विभाग को मिलकर करने के लिए कहा। इस मौके पर एसपी सचिंद्र पटेल, सीडीओ हरिशंकर सिंह, एसडीएम आशीष कुमार, बीएसए प्रकाश नारायण श्रीवास्तव समेत कई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। ज्ञानपुर तहसील में तहसीलदार सुनील कुमार की अध्यक्षता में तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान 161 शिकायत पत्र आए जिसमें छह का निस्तारण हुआ। औराई तहसील में एसडीएम केशवनाथ की अध्यक्षता में तहसील दिवस आयोजित किया गया। विभिन्न विभागों के 40 प्रार्थना पत्र आए जिसमें दो का निस्तारण हो सका। इस मौके पर सीओ पवन कुमार, तहसीलदार सत्येंद्र कुमार, बीईओ अरविंद पांडेय मौजूद रहे।