ज्ञानपुर। सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक विंध्याचल मंडल मीरजापुर रमेश तिवारी ने शुक्रवार को बीएसए कार्यालय समेत जिले के आधे दर्जन से अधिक परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खामियां मिलने पर फटकार लगाते हुए सुधार लाने की चेतावनी दी। कहा कि आगे निरीक्षण में खामी मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। एडी बेसिक ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान पत्रावलियों का भी अवलोकन किया। बीएसए को कई दिशा निर्देश दिया। इसके अलावा एडी बेसिक ने आदर्श प्राथमिक विद्यालय घोसिया, पूर्व माध्यमिक विद्यालय माधोसिंह, प्राथमिक विद्यालय व कस्तुरबा गांधी बालिका विद्यालय औराई, आदर्श प्राथमिक विद्यालय उपरौठ, प्राथमिक विद्यालय झिंगुरपुर, प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय बैराखास, आदर्श प्राथमिक विद्यालय जोरई का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फठन-पाठन, एमडीएम, साफ-सफाई का जायजा लिया। कमी मिलने पर प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों, बीएसए को कड़ी हिदायत देते हुए सुधार लाने को कहा। उन्होंने कहा कि आगे के निरीक्षण में खामी मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान बीएसए प्रकाश नारायण श्रीवास्तव, मंडलीय डीसी एमडीएम राकेश तिवारी, खंड शिक्षाधिकारी औराई अरविंद पांडेय समेत अन्य अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।