भदोही। सपा अल्पसंख्यक सभा की बैठक में रविवार बंगलुरु की पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या की निंदा करते हुए हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई। मोहल्ला जमुंद में पूर्व चेयरमैन स्व.असगर खां के आवास पर बैठक में दिवंगत तेज तर्रार पत्रकार को श्रद्धांजलि दी गई।
बैठक में संगठन के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य, मुख्तार हाशमी ने कहा कि जब से केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है तब से लोगों की भावनाएं भड़काकर लोगों की सोच में जहर घोलने का काम किया जा रहा है। महिला पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या इसी बात का नतीजा है। उन्होंने कहा कि गौरी लंकेश ने अपनी बौद्धिक प्रखरता और साहस से समाज को दिशा देने का निरंतर कार्य कर रही थी जो फासीवादी ताकतों को मंजूर नहीं था। कहा कि आज यदि देश में चौथा स्तंभ सुरक्षित नहीं है और महिला की मौत पर लोग खुशी मना रहे हैं तो यह भारतीयता का माखौल हो। वक्ताओं ने कुछ सांप्रदायिक ताकतें देश को विकास के रास्ते पर नहीं देखना चाहते। और जिस प्रकार से भाजपा और आरएसएस नेताओं के बयान आ रहे हैं उसकी निंदा की जानी चाहिए। बैठक के अंत में शोक प्रस्ताव पारित कर पत्रकार को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की गई। बैठक में अख्तर खां, अकबर अली अंसारी, मा.जावेद खां, रहमुद्दीन मंसूरी, गुलाब राइन, शहाबुद्दीन, एखलाक हाशमी आदि ने विचार व्यक्त किए।