भदोही। लोकतांत्रिक जनता दल (एलजेडी) के प्रदेश महासचिव डॉ. लोलारक उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व में बने देशव्यापी महागठबंधन के तले भदोही संसदीय सीट से उनकी पार्टी प्रत्याशी उतारेगी। इस संबंध में कांग्रेस पार्टी से वार्ता हो चुकी है। ये बातें उन्होंने बृहस्पतिवार को नगर के एक प्रतिष्ठान में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। कहा कि पार्टी संस्थापक पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव सांप्रदायिक शक्तियों को सत्ता से बाहर रखने के प्रयास में लगे हुए हैं। इतना ही नहीं इस क्रम में विपक्ष को एक प्लेटफार्म पर लाने का प्रयास भी किया जा रहा है। बताया कि 2014 के लोकसभा चुनाव में एलजेडी प्रत्याशी को कांग्रेस प्रत्याशी से अधिक मत मिले थे, जिसको देखते हुए इस पर हमारी पार्टी ने दावेदारी की है। कहा यदि हमारे महागठबंधन में सपा-बसपा भी होते तो निश्चित रूप से भाजपा को 10 सीट पर समेट देते। वार्ता में मौजूद पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश राय ने बताया कि पार्टी के टिकट के लिए उनके पास आए आधा दर्जन आवेदनों को प्रदेश अध्यक्ष जुबैर अहमद कुरैशी को भेज दिया गया है।