ज्ञानपुर। लोस चुनाव की आचार संहिता प्रभावी होने के बाद प्रशासन इलेक्शन मोड में आ गया है। सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ ही पीठासीन, मतदान कार्मिकों की संख्या भी तय की जा रही है। ईडीपीएस सॉफ्टवेयर से विभागवार कर्मियों की फीडिंग करीब-करीब पूर्ण हो चुकी है। अब उसी में से कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
भदोही संसदीय क्षेत्र में जिले की तीन विधानसभा क्षेत्र ज्ञानपुर, भदोही और औराई सहित प्रयागराज की हंडिया और प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 700 मतदान केंद्रों पर 1293 बूथ बनाए गए हैं। चुनाव संपन्न कराने के लिए तीनों विधानसभा क्षेत्रों को 10 जोन और 70 सेक्टरों में बांटा गया है। भदोही में चार जोन, 26 सेक्टर, ज्ञानपुर में तीन जोन 22 सेक्टर और औराई में तीन जोन और 22 सेक्टर बनाए गए हैं। सभी सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों को भी नामित किया गया है। खास यह है कि इस बार एनआईसी की बजाए ईपीडीएस (इलेक्शन पर्सनल इंप्लायमेंट सिस्टम) सॉफ्टवेयर से सभी विभाग अपने कार्मिकों की ड्यूटी लगा रहे हैं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी, डीआईओएस कार्यालय, विकास भवन के विभिन्न विभाग, कलेक्ट्रेट, राजस्व विभाग समेत अन्य सरकारी कार्यालय केेेे विभागाध्यक्ष दफ्तर में मतदान ड्यूटी में लगने वाले कर्मचारियों की फीडिंग करा रहे हैं, जो अंतिम दौर में पहुंच चुका है। अब तक सात हजार से अधिक मतदान कार्मिकों की फीडिंग हो चुकी है।
मतदान कार्मिक अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने कहा कि 1293 बूथों में एक-एक बूथ पर एक पीठासीन समेत चार-चार मतदान कार्मिक लगाए जाएंगे। इससे यह संख्या पांच हजार 152 होगी। चुनाव के दिन कोई दिक्कत न हो, इसके लिए करीब 20 फीसदी यानि 1300 मतदान कार्मिक रिजर्व रहेंगे।
11.53 लाख मतदाता बनेंगे भाग्यविधाता
ज्ञानपुर। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता प्रभावी होने से पूर्व तक जिले की तीनों विधानसभाओं में 11 लाख 53 हजार मतदाता तय हो चुके हैं। इसमें 31 हजार से अधिक नए मतदाता जुड़े हैं। मतदान से पूर्व तक नए मतदाताओं की संख्या कुछ और बढ़ सकती है। हालांकि 11 लाख 53 हजार मतदाता प्रत्याशियों के भाग्यविधाता बनेंगे।