ज्ञानपुर। युवा फ्रेंड्स क्लब की ओर से बृहस्पतिवार को आयोजित भदोही हाफ मैराथन में इथोपियाई धावकों का दबदबा रहा। पहले और तीसरे स्थान पर विदेशी धावक तो दूसरे नंबर पर आगरा के धावक ने बाजी मारी। मैराथन में 50 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया। मैराथन पुलवामा मैराथन के लिए समर्पित रही। सुरक्षा के मद्देनजर प्रमुख स्थानों पर पुलिस के जवान तैनात रहे।
बृहस्पतिवार को सुबह सात बजे जंगीगंज स्थित रामदेव पीजी कॉलेज से मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर हाफ मैराथन का शुभारंभ किया। करीब 21 किमी दौड़ पूरा करने के लिए धावक जंगीगंज, राजपूत ढाबा, गोपीगंज, ज्ञानपुर, देवनाथपुर होते हुए जिला स्टेडियम मूंसीलाटपुर पहुंचे। इथोपियाई धावक सेमिर ने एक घंटे छह मिनट और नौ सेकेंड का समय निकालकर पहला स्थान, आगरा के राज कुमार सिंह ने एक घंटे सात मिनट 39 सेकेंड का समय निकालकर दूसरा स्थान, जबकि विदेशी खिलाड़ी विनयम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी तरह वारणसी, प्रयागराज, जौनपुर, अयोध्या, भदोही और देवरिया से आए धावकों ने भी दौड़ लगाई। जिला स्टेडियम में पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान भाजयुमो के प्रभारी विपुलेंद्र सिंह ने धावकों को पुरस्कृत कर उत्साह बढ़ाया। आयोजक मनीष पांडेय ने कार्यक्रम के सफल होने पर सभी का आभार जताया। इसके पूर्व हाफ मैराथन को सफल बनाने के लिए 15 से अधिक वालियंटर भी जगह-जगह व्यवस्था देखते रहे।