ज्ञानपुर। मौनी अमावस्या स्नान पर्व को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने भी कमर कस ली है। स्टेशनों पर यात्रियों की पर्याप्त सुरक्षा और स्नान के बाद उमड़ने वाली भीड़ से राहत पाने के लिए 1 से 11 फरवरी तक कई मेला स्पेशल ट्रेनें लगाई हैं। साथ ही 400 से अधिक जवान सुरक्षा में लगाए गए हैं। पूर्वोत्तर रेलवे ने स्नान पर्व के दो दिन पहले तथा सात दिन बाद तक भीड़ को पहुुंचाने के लिए गोरखपुर से इलाहाबाद सिटी, छपरा, मऊ, झूंसी, मंडुआडीह, वाराणसी सिटी को जोड़ते हुए दर्जन भर से अधिक स्पेशल ट्रेने चलाई जा रही हैं। मंडल सुरक्षा अधिकारी ऋषि पांडेय ने बताया कि मंडुआडीह-इलाहाबाद सिटी खंड के सभी छोटे-बड़े स्टेशनों पर सुरक्षा की दृष्टि से लगभग चार सौ जवानों को तैनात कर पैनी नजर रखी जा रही है। कहा कि शीघ्र ही निरीक्षण कराकर हाल्ट पर भी आरपीएफ और जीआरपी जवानों को लगाया जाएगा।
ट्रेन हादसे का रूट पर नहीं रहा असर
ज्ञानपुर। दानापुर मंडल के हाजीपुर के पास रविवार की भोर में हुए ट्रेन हादसे को लेकर रूट प्रभावित न होने का दावा पीआरओ अशोक कुमार ने किया है। ज्ञात हो कि मंडुआडीह-इलाहाबाद सिटी रूट से भी दानापुर मंडल को कई ट्रेनें जोड़ती हैं। हादसे की शिकार हुई ट्रेन गोरखपुर की ओर से चलने के कारण ट्रेनों का संचालन बिना रुकावट जारी रहा।