लालानगर। मोदी सरकार के अंतरिम बजट को व्यापारी अपने के लिए संजीवनी बता रहे हैं। आटो मोबाइल, सर्राफा संग अन्य व्यापार से जुड़े व्यापारियों ने इसका तहे दिल से स्वागत किया। कहा कि बजट से हर वर्ग का भला होगा।
व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री एवं प्रमुख सर्राफा व्यापारी रमाकांत गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार का अंतिम बजट अच्छा रहा। टैक्स में पांच लाख की दी गई छूट को मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए तोहफा बताया। सर्राफा पर तीन फीसदी जीएसटी की जगह एक फीसदी करने को सही बताया। कहा कि इससे सर्राफा व्यापारियों को काफी राहत मिलेगी। व्यापारी आकाश अग्रवाल ने कहा कि यह अब तक का सबसे सुंदर बजट है। इसमें किसान, मजदूर, व्यापारी सभी के लिए कुछ न कुछ है। कारपेट व्यापारी सिराज अख्तर ने भी बजट की सराहना किया। कहा कि भाजपा सरकार का बजट व्यापारियों के लिए काफी हितकर साबित होगा ।ऑटो पार्ट्स व्यापारी ईश्वरलाल बरनवाल ने कहा कि भाजपा के अंतरिम बजट में समाज के हर तबके का ध्यान दिया गया है। व्यापारियों के लिए भी काफी सहूलियत दी गई है।