ज्ञानपुर। जिला स्टेडियम मूंसीलाटपुर में शनिवार को फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन कुश्ती के लिए बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ियों का ट्रायल किया गया। उप क्रीड़ा अधिकारी धर्मवीर सिंह की निगरानी में दो घंटे से अधिक समय तक ट्रायल में 13 खिलाड़ियों का चयन हुआ।
वाराणसी में 10 से 13 जनवरी तक 33वीं सब जूनियर बालक फ्री स्टाइल, ग्रीको रोमन एवं 17वीं बालिका फ्री स्टाइल स्टेट कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इसमें जिले के खिलाड़ी भी शामिल होंगे। जिला स्टेडियम मूंसीलाटपुर में आयोजित ट्रायल में बालक फ्री स्टाइल 45 कि ग्रा. भार वर्ग में प्रदीप बिंद, 48 कि ग्रा. भार वर्ग में धनंजय बिंद, 51 कि ग्रा. भार वर्ग में देवेंद्र मार्य, 55 कि ग्रा. में अरमान अली, 60 कि ग्रा. में आकाश यादव, ग्रीको रोमन 45 किग्रा. में इसराइल, 48 किग्रा. में नितेश यादव, 51 किग्रा. में आर्यन राय, 55 किग्रा. में शिव कुमार यादव और 60 किग्रा. में प्रेम उपाध्याय का चयन हुआ। इसी तरह बालिका फ्री स्टाईल के 43 किग्रा. में आशा गुप्ता, 53 किग्रा. में पूजा प्रजापति, 40 किग्रा. में किरन बिंद शामिल है। उप क्रीड़ा अधिकारी धर्मवीर सिंह ने कहा कि चयनित खिलाड़ी कुश्ती खेलने के लिए वाराणसी जाएंगे।