ज्ञानपुर। क्षेत्र के चकटोडर में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण कई महीने से जलापूर्ति ठप होने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण जल निगम कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए दफ्तर को बंद करा दिया। साथ ही अधिशासी अभियंता को पत्रक सौंपकर पाइप लाइन की तत्काल मरम्मत कराने और जलापूर्ति बहाल करने की मांग की। जिला मुख्यालय से लगे चकटोडर गांव में जल निगम की पानी की टंकी से दर्जन भर गांवों में जलापूर्ति की जाती थी। पिछले आठ महीने से टंकी और पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से जलापूूर्ति बंद है। इससे पानी के लिए लोगों को खासी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार इसके लिए कई बार जलनिगम विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अभी तक समस्या जस की तस बनी हुई है। इससे नाराज लोगों ने मंगलवार को जलनिगम कार्यालय बंद करा दिया। इस दौरान अधिशासी अधिकारी को पत्रक सौंपकर जलापूर्ति को तत्काल चालू किए जाने की मांग की। इस मौके पर राहुल तिवारी, किशन पांडेय, सूरज तिवारी, निलेश तिवारी, रोहित पांडेय, राहुल पांडेय, आशुतोष तिवारी, बमबम तिवारी, साहब तिवारी आदि मौजूद रहे।