कराटे में चयनित खिलाड़ी। स्रोत स्कूल
- फोटो : Department
गोपीगंज। मानव अकादमी ऑफ मार्शल आर्ट्स की ओर से आयोजित कराटे बेल्ट परीक्षा में 21 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इसमें विभिन्न श्रेणियों में 12 खिलाड़ियों ने सफलता हासिल कर संस्था का गौरव बढ़ाया। खिलाड़ियों ने अपने तकनीकी कौशल, शारीरिक क्षमता और आत्मरक्षा की दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष भिक्खू चंदिमा महाथेरो और महासचिव सेंसेई किसलय मानव की देखरेख में परीक्षा आयोजित की गई। इस दौरान सेंसेई विनय कुमार बिंद और सेंसेई शैलेश पटेल मुख्य प्रशिक्षक के रूप में मौजूद रहे। परीक्षा में खिलाड़ियों ने निर्धारित पाठ्यक्रम के तहत गेरी वाजा (किक), सुगी वाजा (पंच), उके वाजा (ब्लॉक), रेनजूकू (कॉम्बिनेशन), सेल्फ डिफेंस और काता का प्रदर्शन किया। परीक्षकों ने तकनीकी दक्षता, अनुशासन और प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का मूल्यांकन किया। परीक्षा में ब्लैक बेल्ट फर्स्ट डान (शोदान) में सुजीत कुमार बिंद ने सफलता हासिल की, जबकि आयुषी बिंद प्री-ब्लैक बेल्ट परीक्षा में उत्तीर्ण हुईं। खिलाड़ियों की सफलता पर संस्था के संरक्षक श्वेत प्रकाश यादव, तेज प्रताप सिंह कुशवाहा, रोहित सिंह सहित अन्य लोगों ने खुशी जताई।