जिले की साइबर पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के शिकार तीन व्यक्तियों के खाते में 1.19 लाख रुपये वापस कराए। पैसा वापस आने पर पीड़ितों ने पुलिस का आभार जताया। 13 मार्च को धीरपुर निवासी प्रिंस मिश्रा ने तहरीर दी थी कि उनके खाते से 48,500 रुपये अवैध तरीके से निकाल लिए गए। इसी तरह मर्यादपट्टी की मंजू देवी ने प्रार्थना पत्र दिया था कि प्रधानमंत्री आवास दिलाने के नाम पर उनके खाते से चार मार्च को 23,650 रुपये निकाल लिए गए।
एसपी के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करे हुए पैसे की निकासी पर रोक लगाकर 48 हजार और 16 हजार रुपये वापस कराए। इसी तरह सुरियावां के भटेवरा निवासी आशीष कुमार ने 25 जुलाई को प्रार्थना पत्र दिया कि गलत आईएफएससी कोड होने से 49 हजार रुपये दूसरे के खाते में चला गया। इसी तरह हरिहरपुर के मनोज कुमार ने बताया कि उसके खाते से छह हजार रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने दोनों खाता धारकों का 55 हजार वापस कराया।
साइबर सेल के प्रभारी श्याम बहादुर ने कहा कि साइबर फ्रॉड होने पर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। किसी अंजान व्यक्ति के कहने पर कोई एप डाउनलोड न करें। वर्क फ्रॉम होम, शेयर ट्रेडिंग करने से पहले संपूर्ण जानकारी प्राप्त कर ही उपयोग करें। अज्ञात व्यक्ति/ मोबाइल से आए लिंक को क्लिक न करें।