संपूर्ण समाधान दिवस पर त्वरित न्याय की उम्मीद लेकर पहुंचने वाले फरियादियों को सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। शनिवार को एक बार फिर 101 फरियादियों को निस्तारण का भरोसा मिला। तीनों तहसीलों में कुल 117 प्रार्थना पत्र आए। जिसमें 16 का निस्तारण किया गया, जबकि 101 लंबित रह गए।
औराई तहसील में डीएम विशाल सिंह और एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने जन शिकायतें सुनी। डीएम ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण अधिकारी एक सप्ताह केे अंदर कराना सुनिश्चित करें। गुणवत्तापूर्ण निस्तारण न होने पर संबंधित अफसरों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि उप जिलाधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार अपने-अपने कोर्टाे के लंबित मुकदमों का गुणवत्तापरक निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि मुकदमे के सुनवाई के लिए आम आदमी दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी आशा के साथ आते हैं,उनके केसों को जल्द ही डिस्पोजल किया जाए। एसपी ने कहा कि राजस्व संबंधित मामलों में कानूनगो, लेखपाल और पुलिस की संयुक्त टीम स्थलीय निरीक्षण, सत्यापन कर एक हफ्ते में निस्तारित करें।
यहां कुल 57 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें पांच निस्तारित हुए और 52 के लिए टीम गठित करने का निर्देश दिया गया। इस मौके पर सीएमओ डॉ संतोष कुमार चक, एसडीएम बरखा सिंह आदि रहीं। तहसील ज्ञानपुर में अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य, एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह, एसडीएम अरुण गिरी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। यहां पर 28 मामलों में छह निस्तारित हुए और 22 लंबित रह गए।
भदोही तहसील में एडीएम न्यायिक शिव नारायण सिंह और एसडीएम श्याममणि त्रिपाठी ने समस्याएं सुनी। यहां कुल 32 मामलों में पांच निस्तारित हुए जबकि 27 लंबित रह गए। इस मौके पर तहसीलदार संजय कुमार, नायब तहसीलदार प्रतीक्षा मौर्य, ईओ धर्मराज सिंह आदि रहे।