ज्ञानपुर। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में शुक्रवार को 16 करोड़ की लागत से बनने वाली 136 ग्रामीण सड़कों का शिलान्यास किया गया। इसमें 74 सड़कों की विशेष मरम्मत और 62 का नवीनीकरण होगा। सांसद और तीनों विधायकों ने शिलापट्ट का पूजन कर शिलान्यास किया।
सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश का बेहतर विकास हो रहा है। जिले की नगरीय सड़कें पहले से बेहतर हुईं हैं। अब बदहाल रहने वाली ग्रामीण सड़कों की तस्वीर बदलेगी। ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की ईमानदार सरकारों ने समाज के हर वर्ग तक विकास पहुंचाया। आवास, पेंशन समेत तमाम योजनाओं ने लोगों को सरकार से जोड़ा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना सरकार के लिए मास्टर स्ट्रोक साबित होगी। उन्होंने कहा कि विश्व स्तर पर जिस तरीके से पाकिस्तान को प्रधानमंत्री ने बायकाट कर दिया, वह बड़ी बात है। भदोही विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी, औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर और भाजपा जिलाध्यक्ष हौसिला पाठक ने भी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस मौके पर पूर्व विधायक पूर्णमासी पंकज, सांसद प्रतिनिधि शैलेंद्र दूबे, भाजपा बुनकर प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रूपधारी पाल, महेंद्र बिंद, प्रिय कुमार श्रीवास्तव, छत्रपति सिंह, पंकज तिवारी, गोरेलाल पांडेय, नागेंद्र सिंह, कन्हैयालाल मिश्र, अधिशासी अभियंता योगेश कुमार जैन, सहायक अभियंता एसबी राव, सुदामा सिंह आदि मौजूद रहे।