गलन और ठंड के साथ कोहरे ने रेल परिचालन में मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। वाराणसी भदोही रेल खंड पर गुरुवार को जहां काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और पंजाब मेल एक्सप्रेस रद रही, वहीं दूसरी कई ट्रेनें 2 से 5 घंटे विलंब से चलीं। यह स्थिति रेलयात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन रही है।
नई दिल्ली-वाराणसी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल को रद कर दिया गया। ऐसे में यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। इसके अलावा, ग्वालियर से वाराणसी को जाने वाली बुंदेलखंड एक्सप्रेस 5 घंटे, जोधपुर-वाराणसी मरूधर एक्सप्रेस तीन घंटे, दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस 3 घंटे देरी से चल रही थीं। केवी एक्सप्रेस और पंजाब मेल दोनो ही इस रूट की प्रमुख ट्रेनें हैं। इनके रद्द हो जाने से यात्रियों का बुरा हाल हो गया। जिन यात्रियों के साथ बच्चे थे उन्हें भारी दुश्वारी हुई। ठंड और कोहरे के बीच स्टेशन पहुंचे वह अलग। लोगों को स्टेशन आकर ट्रेनों के रद होने की जानकारी मिली। कई यात्रियों ने टिकट वापस किए।