औराई, भदोही। खुले में शौच बंद करो-बीमारियों को खत्म करो, बहू बेटियां दूर न जाएं, शौचालय घर में बनवाएं, शौचालय उपयोग में लाओ-बीमारियों को दूर भगाओं, हम सबका है एक ही नारा-स्वच्छ रहें यह गांव हमारा, सभी रोगों की बस एक दवाई- घर में रखो साफ-सफाई, अब सबको जगना है-गंदगी को दूर करना है जैसे नारों से तीन गांव रविवार को गूंज उठे। डॉ. शंभूनाथ रिसर्च फाउंडेशन एवं प्लान इंडिया की ओर से आयोजित गोष्ठी एवं संवाद शिविर में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। खुले में शौच मुक्त ग्राम बनाने के लिए जागरूकता यात्रा एवं संवाद शिविर का उद्घाटन उपजिलाधिकारी औराई केशव प्रसाद गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने कहा कि शौचालयों का प्रयोग व्यक्तिगत, परिवार एवं समाज के प्रति हमारा कर्तव्य है। खुले में शौच जाने से व्यक्ति कई तरह की बीमारियों का शिकार होता है। साथ ही इलाज में मेहनत से कमाया गया धन भी व्यय होता है। मोबाइल वैन जागरूकता यात्रा तहसील से शुरू होकर सेउर, त्रिलोकपुर, नकटापुर और कुरौना गांव में पहुंची। इस दौरान गावों में संवाद शिविर का आयोजन कर लोगों को शौचालय की महत्ता समझाई गई। परियोजना प्रबंधक महेंद्र शुक्ला ने कहा कि प्रत्येक घरों में शौचालय का प्रयोग हमारी व्यक्तिगत और सामूहिक जिम्मेदारी है। सुनील कुमार, लोलारक सिंह और अजय ने भी स्वच्छता पर प्रकाश डाला। इस मौके पर रमेश, फूलगेन, सत्यदेव, विजय, अरविंद, रमाशंकर, शर्मिला, दिव्या, आरती आदि मौजूद रही।