ज्ञानपुर। नगर के हृदयस्थल सिद्धपीठ हरिहरनाथ धाम के समीप ज्ञानपुर-भदोही मार्ग पर दर्जनों दूकानें और मकान अतिक्रमण की जद में आ गए हैं। एक शिकायत की जांच में मंगलवार को पैमाइश करने पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने नापजोख की तो इसका खुलासा हुआ। शिकायतकर्ता ने हरिहरनाथ मंदिर के समीप स्थित ज्ञान सरोवर तालाब पर अतिक्रमण की आशंका जताई थी लेकिन नापजोख के बाद पता चला कि अतिक्रमण तालाब पर न होकर ज्ञानपुर-भदोही मार्ग पर है।
नगर के हरिहरनाथ मंदिर परिसर के समीप शहीद स्थल से लेकर शीतल पाल तिराहे के आगे तक सड़क किनारे बने 50 से अधिक भवन से ज्ञानपुर-भदोही मार्ग पर जबर्दस्त अतिक्रमण है। मंगलवार की शाम को तहसीलदार शैलेंद्र कुमार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम के पैमाइश करने पर इसका पता चला। अतिक्रमण के जद में आने की खबर पर नगर की सड़कों पर बसे लोगों और दूकानदारों में हड़कंप मच गया है। लोक निर्माण विभाग के दायरे में आने से विभाग की ओर से इन्हें भविष्य में जरूरत पड़ने पर खाली भी कराया जा सकता है। करीब घंटे भर की पैमाइश में तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व टीम ने मामले की रिपोर्ट भी तैयार की। मालूम हो कि नगर का भदोही-गोपीगंज मुख्य मार्ग से सटे तमाम भवन हैं। ऐसे में पहले से ही अतिक्रमण की आशंका जाहिर की जा रही थी। इस बीच किसी ने हरिनाथ मंदिर परिसर में अतिक्रमण की शिकायत की थी। तहसीलदार शैलेंद्र कुमार ने बताया कि हरिहरनाथ मंदिर परिसर और ज्ञान सरोवर तालाब में किसी तरह का अतिक्रमण नहीं पाया गया लेकिन, सड़क की जमीन पर अतिक्रमण हुआ है। इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी गई है।