ज्ञानपुर। जिले की पुलिस को औराई, ज्ञानपुर और भदोही में रहने वाले 19 हजार लोगों से लोकसभा चुनाव में गड़बड़ी की आशंका है। इन सभी लोगों को नोटिस भेजा जा चुका है, जिसमें एक हजार को पाबंद किया गया है।
लोकसभा चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत चुनाव में गड़बड़ी करने वाले खुराफातियों को चिह्नित किया गया है। जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्र के करीब 19 हजार लोग ऐसे पाए गए जो चुनाव में खलल पैदा कर सकते हैं। इन सभी को पाबंद करने की तैयारी शुरू हो गई है। तीनों तहसीलों के माध्यम से सभी को पाबंदी की नोटिस भेजे जा चुके हैं। एक हजार से अधिक लोगों ने पर्सनल बांड आदि को भरकर जमा कर दिया है। इसमें मजिस्ट्रेट 20 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक का पर्सनल बांड और एक जमानतदार मांगते हैं। पाबंद किया गया व्यक्ति शांतिभंग करता है तो भरवाई गई राशि को उसे सरकारी खाते में जमा करना होता है। राशि न जमा करने पर संबंधित व्यक्ति को जेल भी जाना पड़ सकता है। पुलिस के मुताबिक जिससे भी शांतिभंग की आशंका है उसे पाबंद किया जाएगा। इसके साथ ही उन व्यक्तियों को पाबंद किया जाता है जो अपराधी किस्म के हैं या जिन पर मुकदमे दर्ज हो चुके हों।
चुनाव में बाधा पहुंचाने वालों को रोकने के लिए रूपरेखा तैयार कर ली गई है। वोटरों को लुभाने की कोशिश करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। पुलिस के साथ खुफिया विभाग भी नजर रख रहा है। मतदान में अड़चन पैदा करने वाले को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे 18 हजार को नोटिस भेजा गया जबकि एक हजार अब तक पाबंद हो चुके हैं।
डॉ. संजय कुमार
एएसपी भदोही
नेताओं के करीबियों पर भी रखी जा रही नजर
पुलिस ने पूर्व के चुनाव में हंगामे को लेकर सुर्खियों में आए नेताओं के करीबियों पर भी नजर रखना शुरू कर दी है। ऐसे लोगों को चिह्नित किया जा रहा है जो पार्टी व नेता का करीबी होने का ावा कर गड़बड़ी कर सकते हैं। इसके लिए पूर्व में हुए चुनावों में हंगामा करने वालों की भी सूची तैयार की जा रही है।
ऐसे लोग हुए हैं चिह्नित
- जिन लोगों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई
- बलवा के ऐसे आरोपी, जिनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल हो चुकी है
- मारपीट के आरोपी, जिन पर चार्जशीट लग चुकी है
- ऐसे बदमाश, जिनकी हिस्ट्रीशीट खुली हुई है
- वारदातों को अंजाम दे रहे क्रियाशील अपराधी
- जेल से जमानत पर रिहा होने वाले माफिया
- सांप्रदायिक मुकदमों के आरोपी।