ज्ञानपुर। जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं बाजार रुस्तम खां-अहमजदगंज भदोही निवासी सनाउल्लाह शाह ने चुनाव आयोग को पत्रक भेजकर अधिशासी अधिकारी ज्ञानपुर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आरोप लगाया है कि अधिशासी अधिकारी राजेंद्र प्रसाद दुबे काफी दिनों से नगर पंचायत कार्यालय में तैनात हैं और गठबंधन के प्रभारियों से मिलीभगत कर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन में संलिप्त हैं। वह चुनाव प्रभावित कर सकते हैं। चुनाव आयोग से जांच कराकर ठोस कदम उठाने की गुहार लगाई। उधर अधिशासी अधिकारी राजेंद्र प्रसाद दुबे का कहना है आरोप पूरी तरह निराधार है। हमारा किसी से कोई लेना-देना नहीं है। जिला प्रशासन की ओर से चुनाव को सकुशल संपन्न कराने में सहयोग कर रहे हैं।