मोढ़। जिला प्रशासन ने क्षेत्र के करियांव गांव को ओडीएफ के लिए मॉडल गांव बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इस कार्य में सहयोग कर रही प्लान इंडिया और यूनिसेफ ने करियांव गांव को जिले का प्रथम ओडीएफ मीटरयुक्त गांव के रूप में चयनित किया है। इसके तहत गांव के शौचालयों पर वॉलपेंटिंग कराकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। बृहस्पतिवार को इस कार्य की शुरुआत हुई।
स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के तहत खुले में शौचमुक्त पंचायत का स्वामित्व प्रदान करने के लिए जिले में यह नया प्रयोग है। बृहस्पतिवार को गांव के शुरुआती छोर पर वाल पेंटिंग के जरिए विशेषज्ञों ने उपस्थित लोगों को जागरूक करते हुए सर्वेक्षण आधारित मीटर लगवाने की जानकारी दी। गांव में बने शौचालयों की दीवारों पर वालपेंटिंग शुरू करा दी गई है। बताया कि ओडीएफ मीटर का प्रयोग करने वाला करियांव पहली ग्राम पंचायत की श्रेणी में अंकित हो चुका है। ओडीएफ मीटर गांव में खुले में शौच की स्थिति को दर्शाएगा। गांव में अब तक 70 फीसदी लोग ही शौचालय का प्रयोग कर रहे हैं जो कि शत प्रतिशत होना चाहिए। तकनीकी सहायक सुनील कुमार और प्रधान नरेंद्र मिश्र के सहयोग से ओडीएफ स्वच्छता की गतिविधियों से ग्रामीणों को अवगत कराया जाता रहा। अभियान के महत्व को समझ रहे अन्य ग्राम प्रधानों ने भी नई तकनीकी पर भरोसा जताया। इस पर विशेषज्ञों ने कार्ययोजना तैयार की। जिला समन्वयक सरोज पांडेय ने कहा कि करियांव गांव लंबे समय तक ओडीएफ बना रहे और यह अन्य गांवों के लिए नजीर बने, इसके लिए प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है।