ज्ञानपुर। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को युुवा मतदाता अधिकार जागरूकता के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें नए वोटरों को मतदाता सूूची में शामिल करने के साथ ही उन्हें मतदाता जागरूकता के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पीएन डोंगरे ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदाता सूची में अपना नाम आवश्य चढ़वा लें। उन्होंने मतदान के प्रति छात्र-छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि मतदाताओं को अपने मतदान का प्रयोग लोभ और लालच से हटकर करना चाहिए। ऐसा नहीं करने पर उसका खामियाजा उन्हें ही भुगतना पड़ेगा। वह मतदान से पूर्व यह तय कर लें की किसे और क्यों मतदान करना है। कार्यक्रम की आयोजक डॉ. रश्मि सिंह ने कहा की मतदान नागरिकों का सबसे बड़ा अधिकार है। इसलिए उन्हें अपने मताधिकार का सही दिशा में प्रयोग करना चाहिए। डॉ. सुशील कुमार मिश्र ने कहा की देश का भविष्य और विकास मतदाओं पर केंद्रित होता है। इसलिए मतदान के साथ उनका यह कर्तव्य बनता है कि वह सही व्यक्ति के पक्ष में अपना मतदान करें। इस मौके पर डॉ. अभिमन्यु यादव, डॉ. अभिनाष यादव, डॉ. अरुण कुशवाहा आदि मौजूद रहे।