गोपीगंज। रामपुर गंगा घाट पर बने पीपा पुल पर शुक्रवार से दोपहिया वाहनों का आवागमन शुरू हो गया। समय से पूर्व पुल चालू होने से लोगों में खुशी है। पीपा पुल पर दुपहिया वाहनों और पैदल आवागमन शुरू होने से मिर्जापुर आदि क्षेत्रों में आवागमन आसान एवं सहूलियत भरा हो जाएगा।
भदोही जिले को मिर्जापुर से सीधे जोड़ने वाले महत्वपूर्ण रामपुर पीपा पुल को बारिश से पूर्व खोल दिया गया था। इससे मिर्जापुर के पश्चिमी छोर और मध्य प्रदेश जाने के लिए लोगों को इलाहाबाद और मिर्जापुर होकर जाना पड़ता था। साथ ही गोपीगंज आने के लिए भी लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। लोक निर्माण विभाग की ओर से विजयदशमी पर पुल के निर्माण के लिए पूजन अर्चन किया गया था। इसके बाद पीपा को तैयार किया गया और समय से पूर्व पीपा पुल तैयार हो गया। पूर्व के वर्षों में कार्तिक पूर्णिमा पर चालू होने वाले पीपा पुल को इस बार पहले ही आवागमन के लिए खोल दिया गया। पुल की देखरेख करने वाले रामदुलार मेठ ने बताया कि पीपा पुल चालू होने से लोगों को स्टीमर से सफर नहीं करना पड़ेगा।