चौरी। सरकार जहां रेलवे को आधुनिक करने के प्रयास कर रही है, वहीं महकमे की उदासीनता से परसीपुर स्टेशन पर 13 दिनों से एक मालगाड़ी मेन लाइन पर खड़ी है। इससे ट्रेनों को लूप लाइन से गुजारा जा रहा है। वाराणसी-प्रतापगढ़ रेल रूट के परसीपुर स्टेशन पर 12 अक्तूबर को वाराणसी जा रही गिट्टी लदी मालगाड़ी आकर खड़ी हो गई थी। तकनीकी खामी के चलते मालगाड़ी तब से मेन लाइन पर ही खड़ी है। ऐसे में मेन लाइन बाधित होने के कारण बाकी ट्रेनों का संचालन लूप लाइन से किया जा रहा है। इससे ट्रेनों के संचालन में अधिक समय लग रहा है, साथ ही यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। मेन लाइन पर मालगाड़ी होने से यात्रियों को प्लेटफार्म बदलने में दिक्कत होती है। स्टेशन अधीक्षक शाहिद इमाम ने कहा कि मेन लाइन पर मालगाड़ी खड़ी होने की सूचना अधिकारियों को दी गई है। जब तक मेन लाइन क्लीयर नहीं हो जाती, तब तक ट्रेनों का संचालन लूप लाइन से होता रहेगा।