गोपीगंज। नगर के उदासीन अखाड़ा परिसर अंजही मोहाल में राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन ने गोष्ठी आयोजित की। इसमें सहायक आयुक्त (वाणिज्य कर विभाग जीएसटी) संजय कुमार सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप विभाग देश को आर्थिक महाशक्ति बनाने के लिए कार्य कर रहा है। इसके लिए कर संग्रह अति आवश्यक है। कर संग्रह से ही सरकार के पास धन आता है। जो देश के विकास में व्यय होता है। संग्रह और अधिक हो इसके लिए देश में तमाम कर व्यवस्था को समाप्त कर जीएसटी लागू किया गया। इससे व्यापारियों को परेशान होने या भयभीत होने की कोई आवश्यकता नहीं है। कहा कि हर महीने की 20 तारीख से पहले अपना जीएसटी रिटर्न अवश्य दाखिल करें। अधिक से अधिक पंजीकरण करवाएं। इसका लाभ संबंधित व्यापारी फर्मों और कंपनियों को मिलेगा। कहा कि एक फरवरी से ई वे बिल लागू होने जा रहा है। इससे जीएसटी प्रणाली और भी मजबूत होगी। इससे कर चोरी रुकेगी। जिला अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन) मंजुला सिंह ने कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थ खाकर हम बीमार पड़ जाते हैं। इसे रोकने के लिए विभाग कार्रवाई करता है। दुकानदारों और व्यापारियों को भयभीत नहीं होना चाहिए। गगन कुमार गुप्ता, अभिनव पांडेय, अमित कुमार, मनीष, बाबा निर्मल दास जी, कड़ेदीन जायसवाल, राजू उमर, अजय कुमार, प्रवीण जायसवाल, विंदेश गुप्ता, अरुण कुमार, संदीप गुप्ता, प्रदीप कुमार, दिनेश साहू, रोशन लाल साहू, आशीष मोदनवाल, शिवम मोदनवाल, श्याम केशरी, डब्बू गुप्ता आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सोहनलाल उमर और संचालन अश्वनी अग्रवाल ने किया।