कौलापुर। धनापुर दक्षिणी में आयोजित सहस्त्रचंडी महायज्ञ का शनिवार को ब्राह्मण पूजन और बड़े भंडारे के साथ समापन हो गया। प्रयाग के वेद मर्मज्ञ आचार्य पं. वेद प्रकाश शास्त्री के सानिध्य में 108 बटुकों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन यज्ञ विधिविधान से संपन्न हुआ। भंडारे में 50 हजार से अधिक लोगों के लिए प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था की गई थी। ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्रा और पत्नी एमएलसी रामलली मिश्रा की ओर से गुप्त नवरात्र के उपलक्ष्य में हवनात्मक सहस्रचंडी महायज्ञ का आयोजन किया गया था। धार्मिक आयोजन की पूर्णाहुति पर शनिवार को ब्राह्मणों की पूजा की गई। उन्हें तिलक लगाकर अंगवस्त्रम भेंट किया गया। ज्ञानपुर विधायक के पुत्र विष्णु मिश्रा, बहू रोमा मिश्रा और रामलली मिश्रा ने ब्राह्मणों को सम्मानित किया। समापन अवसर पर बड़े भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। विधायक ने कहा कि लोक कल्याणार्थ यज्ञ का आयोजन किया गया था। बगैर गुरु के यज्ञ पूर्ण नहीं होता। गुरु पूजन का शास्त्रों में महत्व बताया गया है। गुरु और ब्राह्मण अभेद्य कवच हैं, जिनका सम्मान अवश्य होना चाहिए। ब्राह्मण का आचार-विचार, आचरण अगर ठीक हो, तो ब्राह्मण से ज्यादा शक्तिशाली कोई हो ही नहीं सकता। अहंकारी व्यक्ति का सर्वनाश होता है। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष काजल यादव, विधायक रमाशंकर पटेल, औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर, मड़ियाहूं विधायक लीना तिवारी, डॉ. सुजीत सिंह, ज्ञानपुर ब्लॉक प्रमुख मनीष मिश्रा, डीघ ब्लॉक प्रमुख नीता स्वर्णकार, अभोली ब्लॉक प्रमुख साधना सरोज, राजितराम यादव, हजारी लाल बिंद आदि मौजूद थे।