ज्ञानपुर/सुभाषनगर (भदोही।)। गत तीन दिनों से मानसून मेहरबान दिख रहा है। शुक्रवार, शनिवार के बाद रविवार को भी रुक-रुककर बारिश ने लोगों को उमस से राहत दिलाई। खेतों में भरपूर पानी होने से किसान गदगद हो गए हैं। दूसरी ओर जर्जर मकानों के लिए यह बारिश आफत हो गई है। कोइरौना के गंगापुर तलिया में कच्चा मकान गिरने से हजारों का सामान नष्ट हो गया।
बारिश के बाद भी उमस और गर्मी से लोगों को निजात नहीं मिल पा रहा है। जुलाई के पहले सप्ताह में झमाझम बारिश के बाद कुछ दिनों तक मौसम तल्ख रहा लेकिन गत तीन दिनों से एक बार फिर मानसून मेहरबान हो गया है। रुक-रुककर हो रही बारिश से सूख रही धान की फसल की रौनक लौट गई है जबकि उमस से परेशान लोग भी राहत महसूस कर रहे हैं। सुभाषनगर संवाददाता के अनुसार, कोइरौना थाना क्षेत्र के गंगापुर तलिया ग्राम निवासी बागी गिरी का बारिश से जर्जर हो चुका कच्चा मकान शनिवार की शाम को धराशायी हो गया। इससे मकान में दबकर उसमें रखा अनाज, कपड़े, नकदी समेत हजारों रुपये का सामान नष्ट हो गया। गनीमत रही कि शाम के समय परिवार के सभी सदस्य बाहर थे। बारिश के समय मकान ध्वस्त होने से उनकी समस्या बढ़ गई है। गांववासियों ने प्रशासन से पीड़ित को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
रविवार की शाम झमाझम बरसात से नगर की सड़कें, बाजार और मोहल्ले सब जलमग्न हो गए। जिन मोहल्लों में जलनिकासी की समस्या है, वहां के लोगों को घरों से निकलना मुश्किल हो गया। आधा दर्जन मोहल्लों की स्थिति नरक के समान हो गई। सड़कों ने नाली का रूप ले लिया। कई मोहल्लों में तो बीते एक पखवारे से जलजमाव से निजात नहीं मिल सकी है। बारिश से स्टेशन रोड, अहमदगंज, तकिया कल्लन शाह, मेनरोड जैसे मुख्य मार्गों के अलावा बाजार सलाबत खां, काशीपुर, दरोपुर, रामसहायपुर, पीरखांपुर, काजीपुर, छेड़ीबीर, आलमपुर, घमहांपुर आदि में जलभराव की स्थिति रही। कुछ मोहल्लों में तो जलनिकासी नहीं हो पाने से स्थिति और खराब हो गई। गंदा पानी लोगों की चौखट तक लग गया। जगह जगह गंदा पानी लगने से बीमारियों का खतरा पैदा हो गया है।